चमोली। दशोली विकासखंड की ग्राम पंचायत धारकुमाला में संचार और सड़क सुविधा का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी के जिला प्रवक्ता राकेश सेजवाल एवं विधायक प्रतिनिधि शैलेंद्र नेगी के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता राकेश सेजवाल ने कहा कि धारकुमाला में मोबाइल टावर स्थापित करने के लिए भूमि का चयन पहले ही किया जा चुका है और टावर निर्माण की स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसके बावजूद संबंधित कार्यदायी संस्था की ओर से अब तक मोबाइल टावर लगाने का कार्य शुरू नहीं किया गया है। नेटवर्क सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को डिजिटल संचार व्यवस्था में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मोबाइल टावर का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की।विधायक प्रतिनिधि शैलेंद्र नेगी पठेला से धारकुमाला को जोड़ने वाले करीब सात किलोमीटर मोटर मार्ग का मामला भी जिलाधिकारी के समक्ष उठाया गया है। इस मोटर मार्ग के प्रथम चरण में निर्माण का प्रस्ताव था, लेकिन तकनीकी एवं विभागीय अड़चनों के चलते इसे अस्वीकृत कर दिया गया।
राकेश सेजवाल ने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में क्षेत्र के बुजुर्गों, गंभीर रूप से बीमार मरीजों, स्कूली छात्र-छात्राओं और प्रसव पीड़ित महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण क्षेत्र में कुछ लोगों की मौत तक हो चुकी है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जनहित और मानवीय आधार पर मोटर मार्ग को पुनः स्वीकृति दिलाने तथा मोबाइल टावर का निर्माण शीघ्र शुरू कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।इस दौरान धारकुमाला के प्रधान मनोज कुमार, पूर्व प्रधान पूरण सिंह,राजेन्द्र सिंह, अनीता देवी, देवकी देवी, प्रतापी राम, पुष्पन्द्र आर्य सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

