काली चट्टान के भूस्खलन, झींझी पुल और बंद मोटर मार्ग का मुद्दा उठाया; अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
गोपेश्वर। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में गढ़वाल आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में निजमुला घाटी की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भाजपा चमोली के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी रघुवीर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी और लंबित विकास कार्यों को लेकर समस्याएं रखीं।
काली चट्टान का स्थायी समाधान मांगा
बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर काली चट्टान में लगातार हो रहे भूस्खलन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। भूस्खलन के कारण निजमुला घाटी के करीब 12 गांवों के ग्रामीण लंबे समय से आवाजाही की समस्या से जूझ रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह क्षेत्र को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, इसलिए काली चट्टान का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।

गढ़वाल आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तनुज कांबोज से मामले की जानकारी ली और आवश्यक रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए।
झींझी पुल का निर्माण नवंबर तक पूरा करने का आश्वासन
वर्ष 2019 से निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित झींझी मोटर पुल के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा भी प्रतिनिधिमंडल ने उठाया। पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने नवंबर माह तक पुल का निर्माण पूरा करने का आश्वासन दिया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की प्रगति पर निगरानी रखने के निर्देश दिए और जनप्रतिनिधियों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया
पाणा ईरानी मार्ग खोलने की मांग
झींझी पुल से पाना गांव तक बंद पड़े मोटर मार्ग को तत्काल खोलने की मांग भी रखी गई। इस पर गढ़वाल आयुक्त ने पीएमजीएसवाई अधिकारियों को मार्ग खोलने के लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मोली-मानुरा-धारकुमला गौणा सड़क मार्ग की समस्या भी प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त के समक्ष रखी और क्षेत्र की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि निजमुला घाटी की सड़क समस्याओं का सीधा असर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की।
इस दौरान प्रधान संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन नेगी, महेंद्र नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा नेगी, ग्राम प्रधान पाना राजीव कुमार, ग्राम प्रधान झींझी मोहन नेगी, पूर्व ग्राम प्रधान लक्ष्मण खाती, क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्ण सिंह, गजेंद्र रावत ग्राम प्रधान मोली भगत सिंह, ब्यारा के पूर्व प्रधान बृज लाल, कान सिंह बिष्ट, भरत राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि आयुक्त के स्तर से दिए गए निर्देशों के बाद निजमुला घाटी की सड़क और पुल से जुड़ी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।


