चमोली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। हरिद्वार से बदरीनाथ धाम जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार कुहेड़ के पास अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी तीर्थयात्री सुरक्षित हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।जानकारी के अनुसार, कार संख्या UK 08 TB 1552 हरिद्वार से यात्रियों को लेकर बदरीनाथ की ओर जा रही थी। कुहेड़ के समीप चालक दलीप कुमार सिंह (निवासी गोविंदपुर बाजितपुर) ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सीधे पहाड़ी से जा टकराई और सड़क के बीचों-बीच पलट गई। सूचना मिलते ही चमोली कोतवाली के एसएचओ पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। वाहन में सवार घायल तीर्थयात्रियों में शामिल दिनेश कुमार शर्मा,श्रीमती लता शर्मा,नवीन कुमार शर्मा,विशाखा शर्मा सभी निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार शामिल है।
पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चमोली भिजवाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। दुर्घटना के कारण सड़क पर बाधित हुए यातायात को भी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शीघ्र सुचारु कर दिया।


