बदरीनाथ। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने शनिवार को भू-वैकुंठ बदरीनाथ धाम पहुँचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। राज्यपाल ने मंदिर में सूक्ष्म पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का निरीक्षण किया और यात्रा व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन व पुलिस की पीठ थपथपाई। बदरीनाथ धाम पहुँचने पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने राज्यपाल का स्वागत किया। मंदिर परिसर पहुँचने पर बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने उनकी अगवानी की। राज्यपाल ने मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी से भेंट कर उनका आशीर्वाद भी लिया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए राज्यपाल ने ‘सूक्ष्म पूजा’ की परंपरा का निर्वहन किया ताकि आम तीर्थयात्रियों को असुविधा न हो। उन्होंने रिवर फ्रंट और मंदिर परिसर में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों (मास्टर प्लान) का स्थलीय निरीक्षण किया और मुख्य विकास अधिकारी से प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने परिसर में मौजूद तीर्थयात्रियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने यात्रियों के अनुशासन को ‘अनुकरणीय’ बताते हुए उनकी प्रशंसा की। साथ ही, उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपनी यात्रा की स्मृति के रूप में स्थानीय उत्पादों की खरीद जरूर करें, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बल मिल सके।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, यात्रा मजिस्ट्रेट रविन्द्र ज्वांठा, एसडीएम चमोली राजकुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित मंदिर समिति और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


