चमोली। में घरेलू गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी की संभावनाओं को शून्य करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को कड़ा रुख अपनाया। जिलाधिकारी ने जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया और स्पष्ट किया कि जनहित में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धरातल पर व्यवस्थाओं की पड़ताल
जिलाधिकारी ने गोपेश्वर, कोठियालसैण, मैंठाना और नन्दप्रयाग स्थित गैस गोदामों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की गहनता से जांच की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रैंडम नंबर के जरिए उपभोक्ता गंगी लाल से फोन पर बात की। उपभोक्ता ने समय पर गैस मिलने की पुष्टि करते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
रोस्टर प्रणाली लागू करने के निर्देश
गैस वितरण को और अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति विभाग को ‘रोस्टर प्रणाली’ लागू करने के कड़े निर्देश दिए। निर्धारित समयानुसार विभिन्न क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों का वितरण होगा।
गैस वितरित किए गए सिलेंडरों का विधिवत रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा। जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे गैस की उपलब्धता पर निरंतर नजर रखें ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा न हो।
“जनपद में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। आमजन किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और ‘पैनिक बुकिंग’ से बचें। प्रशासन हर उपभोक्ता को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।”
— गौरव कुमार, जिलाधिकारी, चमोली


