गोपेश्वर। जनपद के गोपेश्वर-चोपता सड़क मार्ग पर एक सैन्य वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वाहन सवार सेना के दो जवान घायल हो गए, जिनमें से एक की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। संकट की इस घड़ी में स्थानीय युवाओं ने ‘देवदूत’ की भूमिका निभाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं प्रदीप रमोला, राहुल, अजय पंवार और विक्रम सिंह ने तत्परता दिखाई। बिना समय गंवाए इन युवाओं ने अपने निजी वाहन से दोनों घायल जवानों को जिला अस्पताल पहुँचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने युवाओं के इस सेवा भाव की जमकर सराहना की है, क्योंकि समय पर अस्पताल पहुँचने से जवानों को त्वरित उपचार मिल सका।
जिला अस्पताल में तैनात सीएमएस डॉक्टर अनुराग धनिक ने कहा घायल जांबाज सिंह (29) निवासी भिवानी (हरियाणा) का जिला हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है, जबकि धवल राठौर धवन सिंह (28) जो जोशीमठ स्थित सिग्नल कंपनी में तैनात है,जिनको गंभीर चोटें आई हैं। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आर्मी हायर सेंटर रेफर भेज दिया गया है।


