गोपेश्वर। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए सीडीओ ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित कराया।
जनता मिलन में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन, वन विभाग, पेयजल, सड़क संपर्क, पुल निर्माण सहित विभिन्न जनसुविधाओं से संबंधित कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं।
दशोली निवासी सुलोचना देवी द्वारा मृतक आश्रित कोटे में स्वयंसेवक पद पर नियुक्ति का मामला उठाए जाने पर सीडीओ ने जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई कर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं जोशीमठ निवासी कुंवर सिंह की भवन निर्माण मानचित्र स्वीकृति की अवधि बढ़ाने संबंधी शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
देवर निवासी कुशल सिंह पंवार की वृक्ष पातन संबंधी शिकायत पर वन विभाग को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बासवाड़ा निवासी अषाड़ी देवी की सोलर लाइट संबंधी शिकायत पर उरेडा विभाग को आवश्यक कार्यवाही कर सोलर लाइट स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
बंशी लाल की पेंशन संबंधी शिकायत पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को स्पर्श पोर्टल की सभी औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर पेंशन संचालित करने के निर्देश दिए गए। वहीं भूतपूर्व सैनिक गोपाल दास द्वारा उठाई गई मार्ग समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका परिषद गोपेश्वर को नाले पर स्लैब निर्माण कर आवागमन सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
नंदप्रयाग निवासी पुष्पा देवी की शौचालय संबंधी समस्या पर जिला विकास अधिकारी एवं स्वजल विभाग को आवश्यक धनराशि हस्तांतरित कर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा वॉल फिटर प्रतिनिधिमंडल द्वारा पारिश्रमिक संबंधी समस्या उठाए जाने पर जल संस्थान को प्रकरण शासन स्तर पर भेजने तथा अन्य उपलब्ध प्रावधानों के तहत परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की और संबंधित विभागों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


