गोपेश्वर।राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना के अंतर्गत नव निर्वाचित सदस्यों के लिए चल रहे 05 दिवसीय आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण का तृतीय सत्र आज गुरुवार को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ मा.अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, मा.उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह एवं सम्मानित सदस्यगणों द्वारा किया गया।तृतीय दिवस के प्रशिक्षण में रमेश चन्द्र त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 से सम्बन्धित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसी क्रम में जयप्रकाश तिवारी, मुख्य कृषि अधिकारी चमोली द्वारा कृषि विभाग की विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत जिला पंचायत, चमोली की जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक मा.अध्यक्ष, मा. उपाध्यक्ष, समस्त सम्मानित सदस्यगण, मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी एवं अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की एवं उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सदन में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि जिन विभागों के अधिकारी बैठक में अनुपस्थित रहे हैं, वे आगामी बैठक में आवश्यक रूप से पूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित रहेंगे। बैठक के अंत में मा. अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने सभी सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया।बैठक में जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद स्तरीय अधिकारीगण एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।