सवालों का जवाब न मिलने पर सदन से बाहर निकले प्रधान और बीडीसी सदस्य, ब्लॉक परिसर में की नारेबाजी
गोपेश्वर। अधिकारियों की गैर मौजूदगी और पिछले प्रस्तावों पर कार्रवाई न होने से नाराज पंचायत प्रतिनिधियों ने दशोली ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक (बीडीसी) का बहिष्कार कर दिया। अधिकारियों की ओर से मनाने के प्रयास के बावजूद पंचायत प्रतिनिधि संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान ब्लॉक परिसर में काफी देर तक नारेबाजी और हंगामा होता रहा।
बुधवार को दशोली ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक शुरू हुई। बैठक में पाणा के प्रधान राजीव पनियाल ने पर्यटन विभाग से संबंधित मामला उठाया। जिला पर्यटन अधिकारी के स्थान पर विभागीय कर्मचारी के मौजूद रहने के कारण उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं मिल पाई। इसके बाद स्यूण के प्रधान प्रकाश पंवार ने जूनियर हाईस्कूल के भवन की छत से कई वर्षों से पानी टपकने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान छत से पानी टपकने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन समस्या का अब तक समाधान नहीं हो पाया है।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पंचायत प्रतिनिधियों का आक्रोश बढ़ता गया। बेमरू के प्रधान रविंद्र सिंह नेगी और खल्ला गांव के कमल सिंह नेगी ने भी पूर्व की बैठकों में उठाए गए मामलों का निस्तारण नहीं होने और अधिकारियों की गैर मौजूदगी का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। अन्य प्रधान और बीडीसी सदस्य भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सदन में रखते रहे, लेकिन संबंधित अधिकारियों के मौजूद नहीं होने से कई सवालों का उचित जवाब नहीं मिल सका।
प्रस्तावों पर कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप
पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पूर्व में सदन में पारित प्रस्तावों पर भी गंभीरता से कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे नाराज प्रतिनिधि बैठक के दौरान ही सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर बाहर निकल गए। इसके बाद ब्लॉक परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू हो गया।
मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. अभिषेक त्रिपाठी और एसडीएम आरके पांडे ने पंचायत प्रतिनिधियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रतिनिधि अधिकारियों की मौजूदगी और समस्याओं के समाधान की मांग पर अड़े रहे।
मनरेगा के सामग्री अंश का भुगतान न होने का मुद्दा उठाया
पंचायत प्रतिनिधियों ने दशोली ब्लॉक में नई लागू हुई बीबी राम जी योजना के तहत कार्य प्रभावित होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था के कारण सभी मजदूरों की हाजिरी दर्ज नहीं हो पा रही है। वहीं, वर्ष 2023 से अब तक मनरेगा के सामग्री अंश का भुगतान नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रतिनिधियों ने सामग्री अंश का भुगतान तत्काल किए जाने की मांग उठाई।
बैठक और प्रदर्शन के दौरान प्रधान युद्धवीर फर्स्वाण, माहेश्वरी देवी, गीता देवी, अनिल सिंह पंवार, संतोष बिष्ट, नितिन नेगी, जीत सिंह बिष्ट,राजेंद्र सिंह, आरती देवी, सृष्टि राणा, गोदांबरी देवी सहित बड़ी संख्या में प्रधान और बीडीसी सदस्य मौजूद रहे।

