चमोली।विकासखंड दशोली अंतर्गत मंडल घाटी सीएलएफ के तहत स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित सामुदायिक उद्यम “हिलास भोजनालय” का शुभारंभ रविवार को महेंद्र भट्ट ने किया। यह पहल ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने ग्रामोत्थान परियोजना की विभिन्न आजीविका संवर्धन गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वयं सहायता समूहों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने और आर्थिक स्थिति मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है।
राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय पहाड़ी उत्पादों को तीर्थयात्रियों और पर्यटकों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। इससे जहां स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा, वहीं उत्तराखंड की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने भोजनालय संचालन में गुणवत्ता, स्वच्छता और ग्राहकों के प्रति बेहतर व्यवहार को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि उत्कृष्ट सेवाओं से ही लोगों का विश्वास बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित होंगे।
सांसद महेंद्र भट्ट ने परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के प्रमुख यात्रा मार्गों पर ऐसे और सामुदायिक भोजनालय स्थापित किए जाएं, ताकि स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान हो।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, जिला महामंत्री अरुण मैठाणी, जिला विकास अधिकारी कमलेश पंत, जिला परियोजना प्रबंधक शशिकांत यादव सहित स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


