कर्मकार कल्याण बोर्ड के समन्वय से 45 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित, श्रमिकों और उनके आश्रितों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
पोखरी (चमोली)। जनपद चमोली के विकासखंड पोखरी की ग्राम पंचायत भिकोंना में निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रितों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के समन्वय से डीटीआर ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 45 दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 50 से अधिक श्रमिक सिलाई का हुनर सीख रहे हैं।
डीटीआर ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड के संयोजक ललित असवाल ने बताया कि श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रितों को आरपीएल एवं ईडीपी योजनाओं के अंतर्गत निःशुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चमोली जिले के विभिन्न गांवों में संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, खाद्य प्रसंस्करण, प्लंबर और सेफ्टी सहित विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे श्रमिकों और उनके परिवारों को अपनी रुचि के अनुसार कौशल सीखने तथा आजीविका के नए साधन विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
ललित असवाल ने कहा कि व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से श्रमिकों को हुनरमंद बनाकर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुचिता देवी, राजेश्वरी देवी और सिलाई प्रशिक्षिका रितू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

