दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर भी जताया विरोध, गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ नारेबाजी
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने शुक्रवार को देहरादून में बाइक रैली निकाली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठाई। इस दौरान पेपर लीक समेत अन्य मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा गया।
कांग्रेस की बाइक रैली शिमला बाईपास से शुरू होकर जीएमएस रोड होते हुए घंटाघर की ओर रवाना हुई। रैली में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, विधायक, महिला कार्यकर्ता और अन्य समर्थक शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह-प्रभारी सुरेंद्र सिंह और गुरदीप सिंह सप्पल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह और भारत सिंह रावत समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी प्रकरण में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उन्हें राजनीतिक संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भी सवाल उठाते हुए इसे उत्तराखंड की बेटियों के सम्मान और न्याय के मुद्दे से जोड़ा।
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि बाइक रैली में महिलाओं और पुरुषों की भागीदारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वे आरोपों से घिरे लोगों को बचाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अपनी अस्मिता और बेटियों के सम्मान से जुड़े सवालों को लेकर जवाब चाहती है।
कांग्रेस ने अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि जब तक इस मामले में न्याय सुनिश्चित नहीं होता, तब तक पार्टी अपनी आवाज उठाती रहेगी।


