गोपेश्वर। जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, भूस्खलन, पार्किंग और पर्यावरण से जुड़ी 19 शिकायतें जिलाधिकारी गौरव कुमार के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान डुंग्री ने शिकायत की कि गांव के पार्किंग स्थल पर निजी कंपनी की मशीनें और वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े किए जा रहे हैं, जिससे मार्ग बाधित हो रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर मार्ग सुचारु कराने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान रविंद्र झिंक्वाण ने डुंग्री गांव की पेयजल लाइन के सुधारीकरण के साथ ही कौंज-पोथनी-बेलीधार मोटर मार्ग के निर्माण कार्य की जांच और गुणवत्ता सुधार की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल लाइन के सुधारीकरण तथा सड़क निर्माण की जांच करने के साथ नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह रावत ने नारायणबगड़-परखाल और परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग रखी। उन्होंने रैगांव के समीप सड़क पर हो रहे भूस्खलन का उपचार और सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता को मौके का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश दिए।
जनदेश के सचिव लक्ष्मण सिंह ने रुद्रनाथ पैदल मार्ग स्थित पनार बुग्याल में घोड़े-खच्चरों के चरान एवं चुगान पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने बुग्याल क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का अध्ययन कराने के लिए जांच की मांग भी रखी। डीएम ने प्रभागीय वनाधिकारी, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता मिलन में महावीर सिंह रावत, सारिका देवी, मनीषा देवी, सुनीता देवी, जयलाल, शशी देवी, नीता देवी और डॉ. जसवंत लाल सहित अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों को महज औपचारिकता न मानते हुए गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न हो और आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय पर मिले।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, एसीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग मौजूद रहे।

