गोपेश्वर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोपेश्वर के तत्वावधान में रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता आरएसएस के विभाग प्रचारक मनोज ने कहा कि समाज को नई दिशा देने में युवाओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को यदि युवा संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ करें तो उसके सकारात्मक परिणाम निश्चित रूप से सामने आते हैं।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि युवा ठान लें तो शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने आरएसएस की स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक युवाओं की भूमिका और उनके सामाजिक योगदान पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
इससे पूर्व खेल मैदान में रस्साकशी, कबड्डी और खो-खो समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। खेल प्रतियोगिताओं ने सम्मेलन में युवाओं के बीच जोश और उत्साह का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर नगर संघ चालक महेंद्र रावत, नगर कार्यवाह अनिल नेगी, हिम्मत सिंह, सुरेंद्र सिंह रावत, सुधीर राणा, मंगला प्रसाद, मंजेश, डब्बल सिंह, वासुदेव झिंकवाण, गुरुवेंद्र नेगी, दिलवर सिंह संजय सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

