देहरादून। उत्तराखंड राज्य आन्दोलनकारी मंच के सदस्यों ने वरिष्ठ राज्य निर्माण आन्दोलनकारी मोहन सिंह खत्री को उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद का उपाध्यक्ष मनोनीत होने पर फूल-मालाओं और पुष्प गुच्छ के साथ जोरदार स्वागत एवं अभिनन्दन किया।
इस अवसर पर राज्य आन्दोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बर्थवाल एवं वरिष्ठ आन्दोलनकारी रविन्द्र जुगरान ने संयुक्त रूप से कहा कि मोहन सिंह खत्री का जीवन संघर्षों और जनसेवा को समर्पित रहा है। उन्होंने न केवल पृथक राज्य आन्दोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि राज्य बनने के बाद भी वे निरंतर जनहित के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उनके मनोनयन से निश्चित रूप से उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद को उनके सुदीर्घ अनुभवों का लाभ मिलेगा और परिषद के कार्यों में तेजी आएगी।
मंच के अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी और प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने कहा कि एक कर्मठ आन्दोलनकारी को यह जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रदेश के आन्दोलनकारियों के लिए गर्व का विषय है।सभी सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि खत्री के नेतृत्व में बाल कल्याण की योजनाओं का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े बच्चों तक पहुँचेगा।
स्वागत समारोह के दौरान आन्दोलनकारी जगत की कई प्रमुख हस्तियाँ मौजूद रहीं, जिनमें मुख्य रूप से ओमी उनियाल, श्रीमती द्वारिका बिष्ट, पृथ्वी सिंह नेगी, केशव उनियाल,पार्षद अशोक डोबरियाल, मोहन बहुगुणा, विनय बलूनी, रामलाल खंडूरी,रामेश्वरी परमार, राधा तिवारी, पुष्पलता सिलवाना, नरेन्द्र नौटियाल,संजय बलूनी, चन्द्रकिरण राणा, पूरन सिंह लिंगवाल, अनीता सक्सेना और रघुवीर तोमर आदि शामिल थे।


