चमोली। जिला मुख्यालय चमोली में सोमवार दोपहर एक किशोरी के अलकनंदा नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया। किशोरी की पहचान 16 वर्षीय अंशिका बिष्ट पुत्री हरेंद्र सिंह बिष्ट ग्राम सिरो तहसील चमोली के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे किशोरी चमोली स्थित अलकनंदा नदी पुल पर पहुंची और अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना को देखकर प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी के तेज बहाव के बीच किशोरी की तलाश शुरू की।
परिजनों के अनुसार अंशिका बिष्ट 28 अगस्त से अपने घर से लापता थी। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी बीच सोमवार को उसके अलकनंदा नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम नदी के तटीय क्षेत्रों तथा संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चला रही है। नदी का बहाव तेज होने के कारण राहत-बचाव दल को भी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और किशोरी के नदी में छलांग लगाने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल सर्च अभियान जारी है।

