चमोली।चमोली जनपद के कर्णप्रयाग में स्थानीय व्यापारियों और हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में चार लोग घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 को कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चार निहंग यात्रियों ने स्थानीय व्यापारी एवं बीच-बचाव के लिए आए लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे चार व्यक्ति घायल हो गए।घटना के संबंध में पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा संख्या 17/2026, धारा 281/125/109/352/351(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में बैरियर लगाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन कृपाण बरामद की गईं तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। घटना में शामिल चौथे आरोपी को 17 जून को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जसनप्रीत सिंह (23 वर्ष), अजय सिंह (23 वर्ष), सतविंदर सिंह (21 वर्ष) तथा मनप्रीत सिंह (21 वर्ष) निवासी मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया, जबकि उपचाराधीन चौथे आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चार तलवारें एवं दो मोटरसाइकिल (PB-65BK-3889 और PB-65BE-4296) बरामद की हैं।
क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में एक कंपनी आईटीबीपी तथा पीएसी बल की तैनाती की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं पुलिस द्वारा नियमित पैदल गश्त भी की जा रही है।पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

