चमोली।बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भनीरपानी के समीप एक भीषण हादसा सामने आया है। बद्रीनाथ धाम जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में बस सवार एक महिला श्रद्धालु की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। मृतका की पहचान दिल्ली निवासी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, तीर्थयात्रियों से भरी यह बस बद्रीनाथ की ओर जा रही थी, तभी भनीरपानी के पास अचानक पहाड़ी से पत्थर गाड़ी पर आ गिरा। पत्थर गिरते ही बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
घायलों और हताहतों का विवरण:
रेनू किरोड़ीवाल (उम्र 26 वर्ष): पुत्री दीवान चंद्र, निवासी- नवादा गली नंबर 13, मटियाल एक्सटेंशन, उत्तम नगर, दिल्ली। हादसे में रेनू गंभीर रूप से जख्मी हो गई थीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पप्पू मिश्रा निवासी- कानपुर, उत्तर प्रदेश। इनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के उपरांत इन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर रेफर किया गया है।
तन्नू छेत्री निवासी- सेक्टर 3, लक्ष्मण विहार, गुड़गांव। इन्हें आंशिक चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
पुलिस ने मृतका के शव का जिला पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। मानसून और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों से बेहद सतर्कता बरतने की अपील की है।


