थराली।जनपद चमोली के थराली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ल्वाणी के जंगली इलाके में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देहरादून से अपने परिजन का पार्थिव शरीर लेकर गांव लौट रहे एक परिवार की ईको वैन अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में माता-पिता और पुत्र सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बाँक (लोहाजंग) निवासी स्वर्गीय भजन सिंह पुत्र प्रेम सिंह का देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को एक निजी एम्बुलेंस के माध्यम से गांव लाया जा रहा था। मृतक के परिजन बलबीर सिंह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वैन संख्या UK07D-2979 से एम्बुलेंस के पीछे-पीछे अंतिम संस्कार के लिए गांव लौट रहे थे।
शनिवार सुबह लगभग 05:50 बजे ल्वाणी के समीप अचानक चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन पर से नियंत्रण खो गया और वैन सीधे गहरी खाई में समा गई। वाहन में कुल 6 लोग सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी देवाल उप-निरीक्षक संदीप देवरानी ने तत्काल थानाध्यक्ष थराली को मामले से अवगत कराया। पुलिस बल ने बिना वक्त गंवाए घटनास्थल की ओर रुख किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी थराली को सूचित कर मौके पर DDRF की टीम को राहत एवं बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और DDRF ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला।
हादसे में घायल हुए तीन लोगों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मृतकों में बलबीर सिंह पुत्र स्व. नारायण सिंह (उम्र 52 वर्ष) – निवासी ग्राम बाँक, लोहाजंग शांति देवी पत्नी स्व. बलबीर सिंह (उम्र 48 वर्ष)आंशु बिष्ट पुत्र बलबीर सिंह (उम्र 18 वर्ष)
गंभीर रूप से घायल कविता देवी पत्नी खुशाल सिंह (उम्र 32 वर्ष)मयंक सिंह पुत्र खुशाल सिंह (उम्र 08 वर्ष)रोशनी पुत्री लक्ष्मण सिंह (उम्र 18 वर्ष) शामिल है।
थराली पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक एवं पंचनामे की कार्रवाई की जा रही है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

