14 से 30 सितंबर तक हिंदी पखवाड़े में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
पीपलकोटी। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की 444 मेगावाट विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) में सोमवार को हिंदी दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर 14 से 30 सितंबर तक आयोजित होने वाले हिंदी पखवाड़े का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (बांध) आरपी मिश्रा, महाप्रबंधक (विद्युत यांत्रिक) आरएस राणा और विभिन्न विभागाध्यक्षों ने दीप प्रज्वलित कर किया। सहायक प्रबंधक (जनसंपर्क) एवं राजभाषा अधिकारी (अतिरिक्त प्रभार) अविनाश कुमार ने अतिथियों और कार्मिकों का स्वागत किया। उन्होंने हिंदी दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि आरपी मिश्रा ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग का हिंदी दिवस पर जारी संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि हिंदी महज संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक और भावनात्मक एकता को मजबूत करने वाली भाषा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यालयीन टिप्पणियों, पत्राचार और अन्य आधिकारिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
महाप्रबंधक आरएस राणा ने भी हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राजभाषा हिंदी के व्यवहारिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके निरंतर व्यवहारिक प्रयोग से होती है। कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का सहज और निरंतर प्रयोग राजभाषा को और मजबूत करेगा।
इन प्रतियोगिताओं में दिखाएंगे प्रतिभा
हिंदी पखवाड़े के तहत कार्मिकों की रचनात्मकता और हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 15 सितंबर को हिंदी अनुवाद, 16 सितंबर को नोटिंग-ड्राफ्टिंग, 18 सितंबर को राजभाषा हिंदी प्रश्नोत्तरी, 22 सितंबर को शुद्ध लेख एवं शुद्ध वाक्यांश तथा 23 सितंबर को हिंदी निबंध प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा 24 सितंबर को हिंदी कार्यशाला और 25 सितंबर को हिंदी कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। पखवाड़े का समापन एवं पुरस्कार वितरण 30 सितंबर को होगा।
कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक बीएस पुंडीर, अपर महाप्रबंधक अजय कुमार, उप महाप्रबंधक शरद चंद्र भट्ट, उप महाप्रबंधक कमल नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


