Read Time:2 Minute, 50 Second
गोपेश्वर।चमोली जिले के निजमूला-बिरही मोटर मार्ग पर नौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क सुधारीकरण का कार्य पिछले तीन वर्षों से चल रहा है। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब तक कई महत्वपूर्ण कार्य अधूरे पड़े हैं, जिससे बरसात से पहले ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गाड़ी बाजार, ब्यारा और आसपास के क्षेत्रों में नाली निर्माण का कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। आरोप है कि ब्रिडकुल की कार्यदायी संस्था देव कंस्ट्रक्शन की लापरवाही के कारण ब्यारा में पिछले तीन वर्षों से नाली का निर्माण लंबित है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और यदि जल्द नाली निर्माण नहीं हुआ तो क्षेत्र में जलभराव और नुकसान की स्थिति पैदा हो सकती है। पिछले वर्ष भी बारिश का पानी इंटर कॉलेज निजमूला परिसर में घुस गया था, जिससे विद्यालय को भारी क्षति पहुंची थी।
ब्यारा के व्यापारी देवेंद्र फरस्वाण ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर नाली निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो स्थानीय व्यापारी और ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
वहीं भाजपा पीपलकोटी मंडल के महामंत्री भरत राणा ने कहा कि सड़क पर कई स्थानों पर टूटे हुए पुस्तों की मरम्मत नहीं की गई है। साथ ही डिफेक्ट कटिंग का कार्य भी अधूरा पड़ा है, जिससे बरसात के दौरान सड़क को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले वर्ष बारिश के दौरान सड़क पर आया मलबा अभी तक पूरी तरह नहीं हटाया गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बरसात शुरू होने से पहले सभी अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।


