देहरादून। सोमवार को अपर सचिव मुख्यमंत्री, महानिदेशक सूचना एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी के कार्यालय में मान्या चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
इस अवसर पर श्री बंशीधर तिवारी ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नि:संकोच होकर रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और इससे जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है।
कार्यक्रम में समाजसेवी, राज्य आंदोलनकारी एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री ने कहा कि एमडीडीए उपाध्यक्ष द्वारा कार्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित करना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने राज्य के अन्य सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों से भी इस प्रकार के रक्तदान शिविर आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक संस्थान नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करें तो किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। रक्तदान से किसी परिवार को नई उम्मीद और जीवन मिलता है। “रक्तदान ही जीवनदान है” की भावना को सभी को अपनाना चाहिए।
रक्तदान शिविर में कुल 43 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में वंश मौर्य, सौरभ सकलानी, चंदन सिंह बिष्ट, अनुज, सौर्य, पुष्पा, अंजलि, सुनीता सहित अनेक लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा में योगदान दिया।
एमडीडीए कार्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित, 43 यूनिट रक्त किया संग्रहित
Read Time:2 Minute, 29 Second


