देहरादून।प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में रविवार को ‘स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ’ की एक महत्वपूर्ण एवं निर्णायक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहे। इस दौरान संगठन की मजबूती और सेनानी परिवारों के अधिकारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस देश को हमारे पूर्वजों ने अपने खून-पसीने से सींचा, आज सत्ता में बैठे लोग उसी के इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
मोहन खत्री ने कहा आज हम जिस खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह सेनानियों के बलिदान का फल है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि वर्तमान सरकार शहीदों के सपनों के भारत को कमजोर कर रही है। कांग्रेस हमेशा से इन आदर्शों की रक्षक रही है और हम अन्याय के खिलाफ संघर्ष तेज करेंगे।
प्रकोष्ठ के महामंत्री अवधेश पंत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों से स्वतंत्रता आंदोलन की विरोधी विचारधारा वाली सरकार सेनानी परिवारों का तिरस्कार कर रही है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से मांग की कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव घोषणा पत्र में स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की जायज मांगों को प्रमुखता से शामिल किया जाए और उन्हें उचित सम्मान दिलाने का भरोसा दिया जाए।
कार्यक्रम में प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को चरखा और गंगा मैई की चुनरी भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट जनों को सम्मानित किया गया।
बैठक में प्रदेशभर से कांग्रेस के दिग्गज और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी जुटे। इनमें मुख्य रूप से महामंत्री संजय शर्मा, मोहन काला, सुशील गुड़िया, शोभा बिष्ट, इंद्रलाल आर्य, धर्मेंद्र कुमार पांडे, गोपाल नारसन, सुरेंद्र कुमार सैनी, अदनान, नवीन शरण निश्चल, सुरेंद्र सिंह बुटोला, सत्य प्रकाश चौहान, सुधीर कौशिक और राकेश पंत सहित समस्त जनपदों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


