चमोली। देश के प्रसिद्ध उद्योगपति और श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के वरिष्ठ सदस्य महेन्द्र शर्मा ने बाबा बदरी विशाल के चरणों में ₹1 करोड़ 1 लाख की भारी धनराशि दान स्वरूप अर्पित की है। शुक्रवार को बदरीनाथ धाम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह चेक मंदिर समिति को सौंपा।
बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उद्योगपति महेंद्र शर्मा का स्वागत करते हुए इस उदारता के लिए उनका आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष ने कहा कि मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के निवासी महेंद्र शर्मा पिछले एक दशक से मंदिर समिति के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने देशभर के तीर्थस्थलों के विकास और यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। श्री द्विवेदी ने उनके इस योगदान को अन्य दानदाताओं और श्रद्धालुओं के लिए एक महान प्रेरणा बताया।
इस अवसर पर उद्योगपति महेंद्र शर्मा ने कहा, भगवान बदरीनाथ और केदारनाथ के प्रति मेरी अटूट आस्था है। यह दान उसी श्रद्धा का एक छोटा सा पुष्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंदिर समिति इस राशि का सदुपयोग धार्मिक कार्यों, मंदिर के रख-रखाव और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं को बढ़ाने में करेगी।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों और तीर्थयात्रियों ने महेंद्र शर्मा की इस दानशीलता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान और निजी सचिव प्रमोद नौटियाल सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


