रिपोर्ट गुड्डू राजा
पोखरी (चमोली) पोखरी विकासखंड के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैणी में बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। ग्राम पंचायत प्रतिनिधि सतीश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने से विद्यालय में रखा फर्नीचर, कंप्यूटर तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री जलकर राख हो गई।
गनीमत रही कि घटना के समय छात्र-छात्राएं कक्षा कक्ष के बाहर फील्ड में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। प्रशासन को भी सूचना दे दी गई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने विद्यालय की विद्युत व्यवस्था की जांच कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुधार किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो।

