बद्रीनाथ धाम।भू-वैकुंठ भगवान बद्रीविशाल के दरबार में आज ईमानदारी और मुस्तैदी की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली। धाम में दर्शन के लिए पहुंची आंध्र प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु का ₹16 हजार की नकदी से भरा पर्स गुम हो गया था, जिसे उत्तराखंड पुलिस और बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ढूंढकर सकुशल वापस लौटा दिया। अपना खोया हुआ सामान वापस पाकर महिला श्रद्धालु भावुक हो उठीं और उन्होंने देवभूमि पुलिस व मंदिर प्रशासन का दिल से आभार जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश निवासी अनंत लक्ष्मी जी आज भगवान बद्रीविशाल के दर्शनों के लिए मंदिर परिसर में मौजूद थीं। इसी दौरान अत्यधिक भीड़ होने के कारण उनका पर्स कहीं गिर गया। पर्स में करीब ₹16,000 की नकदी और कुछ अन्य जरूरी सामान था।
पर्स गायब होने की बात पता चलते ही महिला श्रद्धालु के होश उड़ गए। उन्होंने खुद भी भीड़ में काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अनजान जगह पर नकदी से भरा पर्स खो जाने के कारण महिला काफी परेशान और मायूस हो गईं।
रोती-बिलखती परेशान महिला श्रद्धालु ने मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक मंदीप, अपर उपनिरीक्षक राजीव कुमार, कांस्टेबल देवेंद्र और BKTC कर्मचारी मनोज से मिलकर अपनी आपबीती सुनाई और मदद की गुहार लगाई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम और मंदिर के कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। संयुक्त टीम ने बिना वक्त गंवाए मंदिर परिसर के कोने-कोने और हर संभावित स्थान पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।सुरक्षित बरामदगी, सतर्कता और त्वरित प्रयासों के बाद टीम ने खोया हुआ पर्स ढूंढ निकाला। जब पर्स को खोलकर जांचा गया, तो उसमें रखी ₹16,000 की पूरी रकम और अन्य सामान शत-प्रतिशत सुरक्षित पाया गया।
इसके बाद पुलिस और BKTC कर्मियों ने औपचारिकताओं को पूरा करते हुए पर्स श्रद्धालु अनंत लक्ष्मी के सुपुर्द कर दिया। डूबती उम्मीदों के बीच अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर श्रद्धालु के चेहरे पर बड़ी राहत और खुशी लौट आई। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की मित्र पुलिस वाली छवि और मंदिर कर्मियों की ईमानदारी की जमकर सराहना की।


