पीपलकोटी।दशोली ब्लॉक के अंतर्गत जैंसाल गांव स्थित मां भगवती राजराजेश्वरी मंदिर से चांदी के छत्रों की चोरी हुए एक महीना बीत चुका है, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। पुलिस की टीमें जांच का दावा तो कर रही हैं, परंतु अभी तक इस मामले में कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस के इस ढुलमुल रवैए से स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी और आक्रोश बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बीते 26 अप्रैल को जब एक ग्रामीण मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचा, तब इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा हुआ। उसने देखा कि गर्भगृह से मां भगवती के सात बहुमूल्य चांदी के छत्र गायब थे। घटना की भनक लगते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस चौकी पीपलकोटी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूछताछ कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
“चोरी हुए चांदी के सात छत्रों की बाजार में कीमत एक लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। एक महीना गुजर जाने के बाद भी चोरों का सुराग न लगना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।”
— ग्राम प्रधान प्रकाश चंद्र डंडरियाल
जैंसाल गांव के प्रधान प्रकाश चंद्र डंडरियाल ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा मां भगवती राजराजेश्वरी मंदिर क्षेत्र के हजारों लोगों की अगाध आस्था का प्रमुख केंद्र है।इस पवित्र स्थान पर चोरी होने से संपूर्ण क्षेत्र के लोगों की धार्मिक भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं।
रिपोर्टिंग चौकी पीपलकोटी की प्रभारी पूनम खत्री ने बताया कि पुलिस मामले की हर कोण से बारीकी से जांच कर रही है। स्थानीय पुलिस ओर एसओजी को तफ्तीश में लगाया गया है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेजकर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


