देवप्रयाग।मंगलवार को धारी देवी के दर्शन कर परिवार के साथ देहरादून लौट रहे एक युवक की बंजी जंपिंग करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, देहरादून निवासी लक्ष्य रस्तोगी अपने परिजनों के साथ धारी देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। रास्ते में मुल्यागांव के पास स्थित एक बंजी जंपिंग प्वाइंट पर पहुंचकर उन्होंने बंजी जंपिंग की।
बताया जा रहा है कि जंपिंग के कुछ ही समय बाद लक्ष्य को अचानक पेट और सीने में तेज दर्द होने लगा तथा सांस लेने में तकलीफ महसूस हुई। परिजन उन्हें तत्काल पास के एक लॉज में ले गए, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


