Read Time:1 Minute, 18 Second
गोपेश्वर। रविवार देर रात्रि निजमुला घाटी में हुई अतिवृष्टि से बिरही-निजमुला तथा गौणा-पाणा-ईरानी मोटर मार्ग कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर आने से क्षतिग्रस्त हो गया। मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा जमा होने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
सोमवार सुबह सड़क बंद रहने से स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, शिक्षकों तथा अन्य यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल आवाजाही करनी पड़ी। मार्ग अवरुद्ध होने से दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।
संबंधित विभाग द्वारा मार्ग से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मौसम अनुकूल रहने पर सोमवार शाम तक बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर यातायात बहाल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि क्षेत्र में लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

