गोपेश्वर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने शनिवार को चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और चिकित्सकों को यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्री बद्रीनाथ, चिकित्सा राहत इकाई श्री बद्रीनाथ मंदिर परिसर तथा चिकित्सा राहत इकाई पांडुकेश्वर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि श्री बद्रीनाथ एवं श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चारधाम यात्रा में तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन राणा को बद्रीनाथ धाम में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ में अधीक्षक डॉ. गौतम भारद्वाज को रेफर होकर आने वाले यात्रियों का प्राथमिकता के आधार पर उपचार सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों एवं ऑक्सीजन सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा।
पांडुकेश्वर स्थित स्वास्थ्य जांच केंद्र के निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के श्रद्धालुओं की अनिवार्य स्वास्थ्य स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया और व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया।निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ निजी सहायक लक्ष्मण सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।

