गोपेश्वर। गवर्मेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन चमोली के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पेंशनर्स के एक शिष्टमंडल ने गुरुवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं मुख्य कोषाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आगामी 17 दिसंबर को शासनादेश के अनुसार घोषित वृद्धजन दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाने और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की मांग की।
ज्ञापन में जिला मुख्यालय गोपेश्वर में पेंशनर्स के लिए पेंशनर भवन निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई गई। संगठन का कहना है कि भवन बनने से जिलेभर के पेंशनर्स को एक साझा मंच मिलेगा, जहां वे अपनी समस्याओं पर चर्चा करने के साथ सरकार को आवश्यक सुझाव दे सकेंगे। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पेंशनर्स को रात्रि विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।
इस दौरान संगठन ने उत्तराखंड के समस्त राज्य पेंशनर्स से जीवित प्रमाण पत्र जमा करने के लिए डिजिटल ऑनलाइन फार्म की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। इसके लिए पेंशनर्स को अपने संबंधित कोषागारों में जाकर ऑनलाइन प्रक्रिया का प्रशिक्षण प्राप्त करने को कहा गया।
ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गिरीश आर्य, लेखा परीक्षक सुनील सिमल्टी, संरक्षक बलवंत सिंह राणा, आनंद सिंह पंवार, गिरधारी सिंह सजवाण और भक्ति लाल वंडवाल सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।


