पीपलकोटी। चमोली जिले के पीपलकोटी में अंग्रेजी शराब की दुकान के संचालक का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुरेश कुमार पुत्र हरीश राम, निवासी अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
रविवार 29 नवंबर को चौकी पीपलकोटी पुलिस को सूचना मिली कि अंग्रेजी शराब की दुकान के संचालक सुरेश कुमार अपने कमरे में हैं, लेकिन आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस ने दुकान के अन्य सेल्समैनों, मकान मालिक और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया। अंदर पहुंचने पर सुरेश कुमार का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारा।
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चमोली सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

