113.99 करोड़ की 36 योजनाओं का शिलान्यास, 41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में जनपद चमोली को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की लागत से 36 विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा 41.37 करोड़ रुपये की लागत से 27 विकास योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में जोशीमठ-नीति मार्ग पर जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर लौह सेतु, कई मोटर मार्गों का निर्माण एवं विस्तार, नन्दानगर की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, विभिन्न बाढ़ सुरक्षा कार्य, मॉडल पशु चिकित्सालय नन्दप्रयाग, सामुदायिक भवन, विद्यालय भवन, पार्किंग, स्टील गर्डर पुल तथा सड़क अवसंरचना से जुड़ी अनेक परियोजनाएं शामिल हैं।
लोकार्पित योजनाओं में गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण, जिला चिकित्सालय चमोली और बीपीएचयू पोखरी में डीआईपीएचएल भवन, विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला एवं आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज तथा कई मोटर मार्गों के अपग्रेडेशन कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, रघुबीर बिष्ट,गजेंद्र रावत,जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

