चमोली। 09 जून 2026 को प्रातः लगभग 09:10 बजे पाडुली निवासी बृजेश ने पुलिस को सूचना दी कि पाडुली जंगल में रोली ग्वाड़ की ओर एक मानव शव पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक चमोली पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
घटनास्थल दुर्गम जंगल क्षेत्र में होने के कारण पुलिस टीम को शव तक पहुंचने और उसे बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू के बाद शव को आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया।
शव की शिनाख्त के लिए कोतवाली चमोली में दर्ज गुमशुदगी प्रकरण (मु0अ0सं0 12/26, धारा 140(3) बीएनएस) से संबंधित परिजनों को बुलाया गया। परिजनों ने मृतक के कपड़ों और घटनास्थल से बरामद मोबाइल फोन के आधार पर शव की पहचान आदित्य सिंह नेगी (20 वर्ष), निवासी देवग्राम, पोस्ट उर्गम, ज्योतिर्मठ के रूप में की।
पुलिस ने पंचायतनामा एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और तत्पश्चात शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।पुलिस मामले की सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है।


