चमोली। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों और अपने के फैसले पर पहली बार सार्वजनिक रूप से भावुक प्रतिक्रिया दी है। पोखरी में जनता के बीच पहुँचे भंडारी ने स्वीकार किया कि उनके निर्णय से कार्यकर्ताओं और आम जनमानस की भावनाओं को ठेस पहुँची है, जिसके लिए उन्होंने खेद प्रकट किया है।
पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा, “पार्टी परिवर्तन के कारण जनता में जो आक्रोश है, वह पूर्णतः जायज है। मैं समझता हूँ कि इस फैसले से लोगों की उम्मीदें और भावनाएं प्रभावित हुई हैं, जिसके लिए मैं देवतुल्य जनता से विनम्रतापूर्वक क्षमा मांगता हूँ।”
भंडारी ने कहा कि क्षमा याचना के बाद अब उन्हें क्षेत्र की जनता का पुनः स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मैं उन सभी लोगों का आभारी हूँ जो मुझे दोबारा अपना समर्थन दे रहे हैं। जनता का यह विश्वास ही मेरी असली पूंजी है और मैं उनके इस भरोसे पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करूँगा।”
क्षेत्रीय राजनीति में भंडारी के इस बयान को जनता के बीच अपनी पैठ फिर से मजबूत करने की एक बड़ी कवायद के रूप में देखा जा रहा है।


