गोपेश्वर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार ने छात्राओं को सरकार की योजना के तहत निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए कड़ी मेहनत करने और शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया।
नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही समय पर पुस्तकें मिलने से छात्राओं के चेहरे खिल उठे। जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं को पुस्तकों के सेट प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना है और निःशुल्क पुस्तक वितरण इसी दिशा में एक प्रभावी कदम है।
छात्राओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा छात्र अपना एक लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास करें ओर सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाये, शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे बालिकाएं सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रधानाचार्या और शिक्षकों से संवाद करते हुए पठन-पाठन के स्तर को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और जिलाधिकारी का आभार जताया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनके करियर और रुचियों के बारे में भी बात की, जिससे छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


