गोपेश्वर। उत्तराखंड सरकार में हाल ही में नियुक्त किए गए राज्य मंत्रियों का बुधवार को पहली बार गोपेश्वर आगमन हुआ। स्थानीय बस स्टैंड पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर चारधाम परिषद के नवनियुक्त उपाध्यक्ष माधव सेमवाल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवाड़ी तथा जनजाति आयोग की सदस्य नंदी राणा गोपेश्वर पहुंचे। उनके स्वागत में जिला पंचायत सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, पूर्व जिला अध्यक्ष रघुबीर बिष्ट, जिला पंचायत चमोली के अध्यक्ष दौलत बिष्ट, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र रावत, नगरपालिका गोपेश्वर के अध्यक्ष संदीप रावत, जिला भेषज संघ के अध्यक्ष सतेंद्र असवाल, विनोद कनवासी, शांति राणा, भरत गड़िया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में प्रदेश के विकास एवं जनहित के कार्यों को नई गति मिलेगी।


