शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी में 100 शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मानित
गोपेश्वर। राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड की विकासखंड शाखा दशोली की ओर से मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर ‘समाज में शिक्षकों की भूमिका व शिक्षा में नवाचार’ विषय पर शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ब्लॉक अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा सत्र 2026-27 में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के साथ ही प्रभारी प्रधानाचार्यों तथा शैक्षिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर समारोह को सांस्कृतिक रंग दिया। इसके बाद अतिथियों का बैज अलंकरण एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला और निदेशक माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड विनोद सिमल्टी रहे। विशिष्ट अतिथियों में अपर निदेशक कुमाऊं (सेनि.) शिव प्रसाद सेमवाल, पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली श्रीकांत पुरोहित, राजकीय शिक्षक संघ गढ़वाल मंडल के अध्यक्ष जयदीप रावत एवं मंत्री मनमोहन चौहान मौजूद रहे।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों में सेवाएं दे रहे करीब 100 शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा सेवानिवृत्ति की ओर अग्रसर शिक्षकों, प्रभारी प्रधानाचार्यों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मान प्रदान किया गया।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है। शिक्षक समाज निर्माण के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा में नवाचार को अपनाकर विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापरक शिक्षा से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में लोकगीतों की प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह का संचार किया। मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद प्रधानाचार्यों का सम्मान, धन्यवाद ज्ञापन एवं भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम का संचालन केएस रावत एवं हरेंद्र रावत ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संघ के संरक्षक नरेंद्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष सुनीता बिष्ट, संयुक्त मंत्री रेखा बिष्ट, कोषाध्यक्ष दीवान सिंह नेगी, डॉ. प्रमोद पांडे, प्रियंका बिष्ट, ओमप्रकाश नैनवाल सहित ब्लॉक एवं शाखा कार्यकारिणी के पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। अंत में ब्लॉक अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

