चमोली। गुजरात के जामनगर से बदरीनाथ धाम जा रहे चार यात्री गलत मार्ग पर चले जाने के कारण निजमुला घाटी में फंस गए। यात्रियों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
व्यारा के किशन बिष्ट ने बताया चारों यात्री रविवार देर रात केदारनाथ से बदरीनाथ की ओर जा रहे थे। रास्ते में भ्रमवश वे बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर मुड़ गए और करीब 10 किलोमीटर आगे निकल गए। देर रात स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर उन्हें पता चला कि वे गलत मार्ग पर आ गए हैं।
यात्री जब वापस लौटने लगे, तभी लगातार बारिश के कारण सड़क भूस्खलन से अवरुद्ध हो गई। ऐसे में चारों यात्रियों को पूरी रात अपनी कार में ही बितानी पड़ी।सोमवार सुबह मार्ग खुलने की उम्मीद थी, लेकिन सड़क बहाल नहीं हो सकी। इस बीच यात्रियों को पता चला कि वे बदरीनाथ पहुंचने के बजाय निजमुला घाटी में फंस गए हैं।
सोमवार देर शाम तक सड़क नहीं खुलने पर ग्राम पंचायत ब्यारा के ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था पंचायत घर में कराई।फंसे यात्रियों के नाम भरत कालाभाई, रेखा बहिन, दिनेशभाई और अनीता बहिन बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क खोलकर यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की मांग की है।

