पीपलकोटी। चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बिरही चाडा क्षेत्र में एक युवक के साथ अज्ञात लोगों द्वारा बुरी तरह मारपीट कर उसे बदरीनाथ नेशनल हाईवे के किनारे लावारिस स्थिति में फेंक दिया गया। घायल युवक की पहचान सुरेंडा गांव निवासी पपेंद्र सिंह रावत पुत्र जीत सिंह रावत के रूप में हुई है।
सूत्र के अनुसार, बीती 8 मई को पपेंद्र सिंह रावत लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि कुछ बदमाशों ने युवक को बेरहमी से पीटा और उसे मृत समझकर सड़क के किनारे फेंक दिया। स्थानीय युवाओं की नजर जब घायल पपेंद्र पर पड़ी, तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी पहुँचाया।
विवेकानंद अस्पताल से जिला अस्पताल गोपेश्वर रेफर किया गया,हालत में सुधार न होने पर बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया,श्रीनगर से उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहाँ बेड उपलब्ध न होने के कारण हिमालयन अस्पताल देहरादून में भर्ती कराया गया। फिलहाल युवक का उपचार वहीं चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित के पिता जीत सिंह रावत ने पीपलकोटी पुलिस चौकी में तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की अपील की है।इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और सुरेंडा गांव के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोग इस बात से भी हैरान हैं कि घायल को इलाज के लिए एक जिले से दूसरे जिले भटकना पड़ा। पीपलकोटी चौकी प्रभारी पूनम खत्री का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


