चमोली। कर्णप्रयाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत लगासू चौकी क्षेत्र में सोमवार को एक बाइक और फोर्स अर्बेनिया वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चमोली की ओर से आ रही फोर्स अर्बेनिया वाहन संख्या HR69F-0092 तथा बदरीनाथ की ओर जा रही बाइक संख्या PB26G-4165 (सीटी-100) के बीच सोनला पेट्रोल पंप से लगभग एक किलोमीटर नंदप्रयाग की ओर सड़क पर आमने-सामने टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग पहुंचाया।
दुर्घटना में घायल युवकों की पहचान जशन (17 वर्ष) पुत्र कुलवेंद्र सिंह निवासी खन्ना, जिला लुधियाना (पंजाब) तथा हरमन (20 वर्ष) पुत्र गुरमीत सिंह निवासी नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में फोर्स अर्बेनिया और बाइक दोनों क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि बाइक चालक तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में पहुंच गया, जिसके कारण सामने से आ रहे अर्बेनिया वाहन से उसकी टक्कर हो गई।


