गोपेश्वर। चमोली जिले के दशोली विकासखंड अंतर्गत ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली आपदा प्रभावित सड़क का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया है। ग्रामीणों से दूरभाष पर वार्ता के बाद मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क का प्राथमिकता के आधार पर सुधारीकरण कर शीघ्र आवागमन सुचारु कराने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि लगातार हुई आपदा के कारण खैनूरी मोटर मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे गांव के करीब 120 परिवारों का संपर्क प्रभावित हो गया है। सड़क बंद होने से ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य कार्यों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने पर भी जोर दिया है।


