संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और चालानी कार्रवाई के भी आदेश
गोपेश्वर। बिरही में गौचर भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को डीएम ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन भवन का स्थलीय निरीक्षण किया और इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल भवन सील करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर कोई भी व्यक्ति कार्य करता हुआ नहीं मिला। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अवैध निर्माण में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी चमोली को संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, तहसीलदार दीप्ति शिखा सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

