चमोली।उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत भाजपा ने गांव-गांव तक केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। राज्य निर्माण के ऐतिहासिक संघर्ष, औद्योगिक विकास और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं ने सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठकों में मुख्य वक्ता भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य गठन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने प्रदेश को विशेष औद्योगिक एवं आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज देकर विकास की मजबूत नींव रखी। इससे राज्य में औद्योगिक निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में केंद्र में कांग्रेस सरकार आने के बाद औद्योगिक प्रोत्साहनों में कटौती और नीतिगत बदलावों का प्रदेश के औद्योगिक विकास पर असर पड़ा। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली। चारधाम ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से प्रदेश में सड़क एवं रेल संपर्क मजबूत होने के साथ पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी नए अवसर मिले हैं।
बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी जनकल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। लखपति दीदी योजना, घस्यारी कल्याण योजना, हर घर नल से जल, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाएं आमजन के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम बन रही हैं। इसके साथ ही गांवों में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है।
रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल सरकार की योजनाओं का प्रचार करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उनका लाभ मिले। यदि किसी गांव या परिवार को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है अथवा किसी की समस्या लंबित है तो कार्यकर्ता उसके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकास कार्यों की जानकारी लेकर गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंडल दशोली अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह बर्त्वाल, मंदीप सिंह फरस्वाण, गजेंद्र सिंह असवाल, डीसीबी चेयरमैन गजेंद्र सिंह रावत, मंडल अध्यक्ष दीपक पंत, जिला पंचायत सदस्य संतोषी, किसान मोर्चा जिला महामंत्री गुड्डू सिंह बिष्ट, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, भरत सिंह राणा, प्रधान राजीव सहित लक्ष्मण सिंह खत्री, लक्ष्मण सिंह खाती, करण सिंह, हुकुम सिंह बर्त्वाल, आरती भगत, सौरभ भगत, सौरभ सैंजवाल और तीनों शक्ति केंद्रों के संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बूथ समितियों के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के समापन पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक संकल्प लिया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के साथ ही विकास की मुख्यधारा से वंचित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर प्रयास करेंगे।

