गोपेश्वर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय गोपेश्वर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। “रक्तदान महादान” कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, स्वयंसेवकों, आईटीबीपी तथा बैंक कर्मियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर में पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) सहित अन्य युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी योगदान दिया। इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा चमोली के चेयरमैन ओमप्रकाश डोभाल ने कहा कि समाज सेवा के अनेक माध्यम हैं, लेकिन किसी का जीवन बचाने में रक्तदान की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज पुनीत कुमार ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के इस आधुनिक युग में, जहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसे नए आयाम विकसित हो रहे हैं, वहीं मानव रक्त का आज भी कोई विकल्प उपलब्ध नहीं है। ऐसे में एक इंसान का जीवन बचाने के लिए दूसरे इंसान द्वारा किया गया रक्तदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान न केवल जरूरतमंदों को नया जीवन देता है, बल्कि समाज में मानवता, सहयोग और सेवा की भावना को भी मजबूत करता है।
इस अवसर पर पीएमएस डॉ. धनिक, डॉ. पवन पाल, प्रशासनिक अधिकारी राजेश कपरवान, जिले के पीएलवी, रेडक्रॉस के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। रक्तदान शिविर के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक भी किया गया।


