विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन, छात्र हित में हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
चमोली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर राजकीय इंटर कॉलेज निजमूला में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें वर्तमान शिक्षा सत्र के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से उमेद सिंह फर्स्वाण को अभिभावक-शिक्षक संघ का अध्यक्ष चुना गया। प्रधानाचार्य पुष्पेन्द्र भंडारी को उपाध्यक्ष, रेखा फर्स्वाण को कोषाध्यक्ष तथा पीतांबरी फर्स्वाण को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं सचिव पद पर पिछले तीन वर्षों से कार्यरत सहायक अध्यापक एनएस गड़िया को सर्वसम्मति से पुनः जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में विद्यालय के पूर्व पीटीए अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान बृज लाल सहित पूर्व अभिभावक संघ के पदाधिकारियों ने भी प्रतिभाग किया। वक्ताओं ने पूर्व अध्यक्ष और उनकी पूरी टीम के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकारिणी ने विद्यालय के विकास, नए भवन निर्माण तथा छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कार्य किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष उमेद सिंह फर्स्वाण सहित नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय के विकास तथा छात्र-छात्राओं के हित में आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच समन्वय को और मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

