चमोली। आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से 6 जून 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय एक्शन टास्क फोर्स (DTF) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गौरव कुमार ने की।
बैठक में जनपद के जन्म से 5 वर्ष तक आयु वर्ग के कुल 31,250 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत जनपद में 601 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा जोशीमठ, चमोली, थराली, कर्णप्रयाग और गोपेश्वर में 5 ट्रांजिट बूथ भी बनाए गए हैं। अभियान की निगरानी के लिए 236 पोलियो पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। इसके लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, पंचायती राज, नगर निकाय, परिवहन एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। दूरस्थ क्षेत्रों, प्रवासी परिवारों, निर्माण स्थलों तथा उच्च जोखिम वाले इलाकों में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी गौरव कुमार और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने सभी विभागों से अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में सुरजीत पंवार, डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, राजकुमार पांडे, डॉ. वैष्णव कृष्णा, रचना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


