चमोली।विश्व प्रसिद्ध सिक्ख तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब के कपाट शनिवार को पूरे विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। कपाट खुलने के साथ ही इस वर्ष की पवित्र यात्रा का विधिवत आगाज हो गया है। पहले ही दिन देश-विदेश से पहुंचे करीब 6 हजार 500 श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद लिया।
श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरिंदर जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि शनिवार सुबह कपाट खुलने की प्रक्रिया बेहद गरिमामय माहौल में शुरू हुई। सुबह ठीक 9 बजे पंच प्यारों की अगुवाई में पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब को सचखंड से लाकर दरबार साहिब में सुशोभित किया गया। इसके उपरांत सुखमनी साहिब का पाठ और भावपूर्ण शबद कीर्तन किया गया। दोपहर 12:30 बजे इस वर्ष के यात्राकाल की पहली अरदास की गई, जिसके बाद हुक्मनामा लेकर कपाट आम संगतों के लिए खोल दिए गए।
यात्रा के पहले ही दिन श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कड़ाके की ठंड और विपरीत मौसम के बावजूद 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई और दरबार साहिब में शीश नवाया। कपाट खुलने के दौरान पूरा परिसर ‘जो बोले सो निहाल, सत् श्री अकाल’ के जयघोषों से गुंजायमान रहा। प्रशासन और ट्रस्ट द्वारा तीर्थयात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


