गोपेश्वर।शिक्षा केवल चारदीवारी के भीतर नहीं, बल्कि प्रकृति और प्रयोगों के बीच भी फलती-फूलती है। इसी उद्देश्य के साथ आज पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज माणा घिघंराण के छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने आज विश्व प्रसिद्ध हिल स्टेशन चोपता की प्राकृतिक सुंदरता को निहारा और जड़ी-बूटी शोध एवं विकास संस्थान मंडल में औषधीय पौधों के रहस्यों को समझा।
यहाँ विद्यार्थियों ने हिमालय की चोटियों और मखमली बुग्यालों के बीच पारिस्थितिकी तंत्र और जैव विविधता को प्रत्यक्ष रूप से देखा। शिक्षकों ने छात्रों को इस क्षेत्र की भौगोलिक संरचना और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
दूसरे चरण में छात्र-छात्राएं जड़ी-बूटी शोध एवं विकास संस्थान मंडल पहुँचे। यहाँ वैज्ञानिकों और संस्थान के विशेषज्ञों ने छात्रों को उत्तराखंड की दुर्लभ जड़ी-बूटियों और उनकी उपयोगिता से परिचित कराया, छात्रों ने संस्थान की हाई-टेक नर्सरी में विभिन्न प्रजातियों के पौधों को देखा ओर जड़ी-बूटियों से दवाइयां और उत्पाद बनाने की प्रक्रिया को भी छात्रों ने बड़े कौतूहल के साथ समझा।
“इस तरह के फील्ड विजिट से छात्रों में न केवल विषय के प्रति समझ बढ़ती है, बल्कि उन्हें अपने परिवेश और करियर की नई संभावनाओं (जैसे वानिकी और आयुर्वेद) को जानने का मौका मिलता है।”
— प्रधानाचार्य, पीएम श्री राइका माणा घिघंराण

