चमोली। सीमांत जनपद के नंदा नगर क्षेत्र की होनहार खिलाड़ी रिया ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय (All India University) थांग-टा खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम पूरे देश में रोशन किया है। मणिपुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रिया ने अपने शानदार कौशल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
रिया पुत्री रंकेश प्रसाद गौड़ की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके पैतृक क्षेत्र नंदा नगर और नंदा धाम कुरूड़ में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने इसे मां नंदा देवी और भगवान बद्रीविशाल की असीम कृपा बताया। रिया की इस सफलता ने साबित कर दिया कि पहाड़ों की प्रतिभा को यदि सही मंच मिले, तो वे राष्ट्रीय फलक पर अपनी चमक बिखेर सकते हैं।
क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और युवाओं ने रिया के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह जीत अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

